Breaking

Post Top Ad

Your Ad Spot

Tuesday, 22 December 2020

शिमला से ज्यादा ठंडा जालंधर, बिहार में ठंड का ऑरेंज अलर्ट; MP के तीन शहरों में रात का पारा 6 डिग्री

भीषण ठंड के बाद बिहार में फिर दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के इंदौर में 10 साल बाद तीन रातों से तापमान लगातार 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं राजस्थान के जयपुर में तापमान 2.2 डिग्री बढ़ गया है, हालांकि दिन के पारे में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पंजाब की राजधानी जालंधर की रातें सबसे ठंडी रहीं। यहां न्यूनतम पारा 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मध्यप्रदेश के तीन शहरों में रात का पारा 6 डिग्री

इंदौर शहर में एक दशक में ऐसा पहली बार हुआ है, जब लगातार तीन रात न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि भोपाल, ग्वालियर के मुकाबले इंदौर का तापमान कुछ ज्यादा रहा। भोपाल, सीहोर, शाजापुर में लगातार तीन रात से पारा 6 डिग्री रिकॉर्ड हो रहा है। मौसम वैज्ञानिक भी इसकी पड़ताल में लगे हैं कि इतनी कम दूरी में भी तापमान में 3 डिग्री का अंतर कैसे है। एक वजह यह भी मानी जा रही है कि गुजरात की तरफ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात होने के कारण ठंड पर आंशिक असर हो रहा है।

मध्यप्रदेश के श्योपुर में नदी में घड़ियालों की संख्या दिन ब दिन बढ़ते जा रही है, मंगलवार को नदी में 100 घड़ियालों के बच्चे छोड़े गए।

राजस्थान में दिन और रात के पारे में घटता जा रहा अंतर

मौसम में आए बदलाव के बाद राजधानी जयपुर में शीतलहर का असर कम रहा। इससे लोगों को सर्द हवाओं से राहत मिली। शीतलहर नहीं चलने के कारण रात के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं जयपुर में छाए बादलों के चलते दिन के तापमान में कमी आई। सूरज बादलों की ओट में छुपा रहा। इस कारण यहां तेज धूप नहीं खिल सकी। इससे तापमान में भी बढ़ोतरी नहीं हुई। यहां रात का पारा 2.2 डिग्री सेल्सियस उछल गया, जबकि दिन के पारे में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

राजस्थान के माउंट आबू में ठंड के चलते पत्तों में बर्फ जम गई।

गया बिहार का सबसे ठंडा शहर, यहां तापमान 4.2 डिग्री

भीषण ठंड के बाद बिहार में फिर दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि अभी भीषण ठंड से राज्य को राहत नहीं मिलने वाली है। सभी जिलों का न्यूनतम तापमान भी लगातार तीसरे दिन 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ है। इससे गलन महसूस हो रही है। इस हफ्ते ठंड में कमी होती नहीं दिख रही है। गया लगातार सबसे ठंडा शहर बना हुआ है। मंगलवार को भी गया का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सबसे ठंडा शहर रहा। शीतलहर के कारण पटना, मुजफ्फरपुर और छपरा में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है।

पटना के गांधी मैदान में सेना भर्ती के लिए सुबह के समय दौड़ लगाते युवा।

पंजाब में धुंध से बढ़ी ठंड, शिमला से ज्यादा सर्द हुईं रातें

रात और सुबह के समय कई जिलों में पड़ रही घनी धुंध के कारण सर्दी बढ़ गई है। विजिबिलिटी कई जगह 100 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग के मुताबिक 25 दिसंबर तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। वहीं, रात का पारा फिर से गिरना शुरू हो गया है। जालंधर की रातें सबसे ठंडी रही, यहां न्यूनतम पारा 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हिमाचल के शिमला में 6.9 डिग्री न्यूनतम पारा रहा, जबकि सूबे में कई जिलों में 3 से 5 डिग्री के करीब न्यूनतम पारा रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में सुबह के समय खेतों में घूमती नील गायें।


आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
जालंधर की रातें सबसे ठंडी रही, यहां न्यूनतम पारा 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।


from Dainik Bhaskar

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

Your Ad Spot